हल्दीघाटी युद्ध: एक ऐतिहासिक सत्य और नैरेटिव युद्ध

Spread the love! Please share!!

 

अकबर की विजय का नैरेटिव न केवल ऐतिहासिक रूप से झूठा है, बल्कि यह राष्ट्र की चेतना को विकृत करने का प्रयास भी है। कर्नल जेम्स टॉड ने लिखा “18 जून का दिन राजपूती वीरता का पवित्र पर्व है, यह दिन हल्दीघाटी की थर्मोपाइली (विजय द्वार) है।”

 

हल्दीघाटी का युद्ध भारतीय इतिहास में केवल एक सैन्य संघर्ष नहीं, बल्कि भारतीय अस्मिता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए लड़ा गया गौरवपूर्ण अध्याय है। 18 जून 1576 को राजस्थान की वीरभूमि पर लड़ा गया यह युद्ध, मेवाड़ नरेश महाराणा प्रताप और मुगल सम्राट अकबर की सेना के बीच हुआ था। यद्यपि यह युद्ध केवल पांच घंटे चला, लेकिन इसके प्रभाव और ऐतिहासिक महत्व का विस्तार सदियों तक हुआ। वामपंथी इतिहासकारों और मुगल-प्रशंसकों द्वारा अकबर की विजय का नैरेटिव गढ़ा गया, किंतु ऐतिहासिक स्रोतों, प्रशस्तियों, शिलालेखों और समकालीन लेखकों की साक्ष्यात्मक गवाही इस बात की पुष्टि करती है कि इस युद्ध में महाराणा प्रताप विजयी रहे और मुगलों को गहरी रणनीतिक हार का सामना करना पड़ा।

महाराणा प्रताप के सिंहासन संभालने के समय अकबर समूचे भारत को मुगल साम्राज्य की छाया में लाना चाहता था। राजस्थान के अधिकतर राजा मुगलों के अधीनता स्वीकार कर चुके थे, किंतु मेवाड़ अकबर के इस इस्लामी साम्राज्यवाद के मार्ग में सबसे बड़ी बाधा थी। प्रताप के पिता महाराणा उदयसिंह पहले ही अकबर की अधीनता अस्वीकार कर चुके थे। प्रताप ने अपने पूर्वजों की परंपरा का निर्वहन करते हुए स्वतंत्रता के मार्ग को चुना। अकबर ने चार बार समझौते के दूत भेजे — जलाल खां, राजा भगवंतदास, टोडरमल, और राजा मानसिंह — लेकिन प्रताप ने हर बार संधि की शर्तों को ठुकरा दिया, क्योंकि उनमें दरबार में हाजिरी, कर चुकाना और मेवाड़ की स्त्रियों के साथ वैवाहिक संबंध शामिल थे।

18 जून 1576 को हल्दीघाटी की घाटियों में घमासान युद्ध प्रारंभ हुआ। यह युद्ध तीन चरणों में लड़ा गया। पहले चरण में महाराणा प्रताप की सेना ने मुगल सेना के अग्रभाग पर भीषण हमला कर उसे पीछे हटने पर विवश किया। हमीद खां और रघुनाथदास की अगुआई में मुगल पक्ष असहज होकर बनास नदी के पार तक भाग गया।

दूसरे चरण में मुगलों की राजपूत टुकड़ियों को प्रताप की सेना ने पीछे हटने को मजबूर कर दिया। मुगलों के लिए सबसे बड़ा झटका तीसरे और अंतिम चरण में तब लगा जब प्रताप के सेनापति झाला मान सिंह ने स्वयं को प्रताप समझकर उनकी रक्षा करते हुए वीरगति पाई। प्रताप घायल हुए लेकिन चेतक ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। बदायूंनी जैसे समकालीन मुस्लिम इतिहासकार लिखते हैं कि मुगल सेना न केवल युद्धभूमि से भागी, बल्कि वे प्रताप का पीछा करने का साहस भी नहीं कर सके क्योंकि उन्हें आशंका थी कि पहाड़ों में महाराणा घात लगाकर हमला करेंगे।

हल्दीघाटी युद्ध के बाद महाराणा प्रताप ने मेवाड़ के गोगुंदा क्षेत्र को पुनः प्राप्त कर लिया। ऐतिहासिक शिलालेख और प्रशस्तियां जैसे रणछोड़ राय मंदिर प्रशस्ति, वैद्यनाथ मंदिर प्रशस्ति, और ओड़ा गांव का ताम्रपत्र इस बात का प्रमाण हैं कि प्रताप ने युद्ध के बाद न केवल मुगलों को पराजित किया बल्कि अपनी संप्रभुता पुनः स्थापित की।

रणछोड़ राय प्रशस्ति में स्पष्ट रूप से उल्लेख है कि महाराणा ने रणभूमि में मान सिंह के साथ युद्ध कर उसे पराजित किया।

एक और श्लोक कहता है,

“प्रताप के रण में पहुंचते ही मान सिंह की सेना पैर समेटते हुए भाग गई।”

इतिहास में किसी भी युद्ध की विजय के तीन मानक होते हैं: पहला . विजेता शत्रु की भूमि और संपदा पर अधिकार कर ले, दूसरा शत्रु राजा की मृत्यु हो जाए या वह आत्मसमर्पण कर दे। और तीसरा पराजित राज्य विजेता के करदाता बन जाए। लेकिन हल्दीघाटी युद्ध के परिप्रेक्ष्य में देखें तो अकबर की सेना मेवाड़ की राजधानी गोगुंदा तक पहुंचने के बाद भी पूरे क्षेत्र पर अधिकार नहीं कर सकी। महाराणा प्रताप सुरक्षित रहे और उनका राज्य कायम रहा। मेवाड़ ने न तो कर चुकाया, न ही अकबर की अधीनता स्वीकार की। इस आधार पर यह स्पष्ट है कि मुगलों ने युद्ध नहीं जीता, बल्कि उन्हें रणनीतिक हार का सामना करना पड़ा।

युद्ध के बाद मान सिंह गोगुंदा पहुंचे, लेकिन गांव पूरी तरह खाली था, सिवाय कुछ पुजारियों और रक्षकों के। इस घटना का वर्णन स्वयं बदायूंनी ने किया है, जो युद्ध में उपस्थित था। मुगलों ने गांव के चारों ओर दीवारें बनवाकर खुद को अंदर बंद कर लिया ताकि प्रताप के अचानक हमले से बच सकें। चार महीने तक मुगलों ने वहां शिविर डाले रखे, पर प्रताप के विरुद्ध कोई अभियान नहीं चला सके। अंततः अकबर ने मान सिंह और आसफ खां को दरबार से निष्कासित कर दिया, जो मुगलों की असफलता का प्रमाण है।
इस युद्ध का ऐतिहासिक विश्लेषण करें और इतिहासकारों की राय माने तो डॉ. गोविंदसिंह ओझा ने कहा-

“शाही सेना इतनी बुरी तरह भयभीत थी कि दो दिन तक गोगुंदा में कैद जैसी स्थिति में रही।”

अब्दुल कादिर बदायूंनी ने कहा :

“हमारी सेना पहले ही आक्रमण में भाग गई, प्रताप का पीछा तक नहीं कर सके।”

कर्नल जेम्स टॉड ने लिखा

“18 जून का दिन राजपूती वीरता का पवित्र पर्व है, यह दिन हल्दीघाटी की थर्मोपाइली है।”

डॉ. देवीलाल पालीवाल लिखते हैं-

“मान सिंह प्रताप का पीछा तक नहीं कर सके। युद्ध का अंत गोगुंदा में मुगलों की हार से हुआ।”

वहीं डॉ. के.एस. गुप्ता और सज्जनसिंह राणावत लिखते हैं :

“प्रताप की विजय ने मुगलों की अजेयता के भ्रम को चकनाचूर कर दिया।”

वामपंथी इतिहासकारों ने हमेशा मुगलों को “सांस्कृतिक समन्वयक” और अकबर को “सद्भावना का प्रतीक” बताकर प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रताप को अकड़ू और रूढ़िवादी राजा बताया। जबकि तथ्य यह सिद्ध करते हैं कि अकबर के साम्राज्यवाद और धर्मांतरणवादी नीति के विरुद्ध प्रताप ने संघर्ष किया और भारतीय स्वाभिमान की रक्षा की। ऐसे में अकबर की विजय का नैरेटिव न केवल ऐतिहासिक रूप से झूठा है, बल्कि यह राष्ट्र की चेतना को विकृत करने का प्रयास भी है।

हल्दीघाटी का युद्ध केवल एक वीरता की गाथा नहीं, बल्कि यह भारतीय स्वाधीनता के इतिहास का स्तंभ है। यह युद्ध भारतीय मानस में यह विश्वास स्थापित करता है कि विदेशी साम्राज्य कितने भी शक्तिशाली क्यों न हों, यदि स्वदेश प्रेम और स्वाभिमान जीवित है, तो पराजय असंभव है। महाराणा प्रताप की जीत केवल एक युद्ध में नहीं थी, बल्कि यह उस विचारधारा की जीत थी, जो स्वतंत्रता, आत्मगौरव और धर्म की रक्षा के लिए अंत तक संघर्ष करती है। आज आवश्यकता है कि हम वामपंथी नैरेटिव से बाहर निकलकर इतिहास के सत्य को स्वीकार करें और प्रताप के बलिदान को राष्ट्र के गौरव का प्रतीक मानें।


Spread the love! Please share!!
Murari Gupta

Murari Gupta is a seasoned journalist and acclaimed novelist known for his deep insights into national affairs, historical narratives, and contemporary socio-political issues. With decades of experience in journalism, his writings reflect a rare blend of factual depth and literary flair. His works often bridge the past with the present, making complex subjects accessible and engaging.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!